Ranchi: झारखंड सरकार की कृषि एवं आपदा प्रबंधन मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह के असामयिक निधन से राज्य में शोक का माहौल है। गुरुवार को तृषा सिंह का पार्थिव शरीर रांची स्थित मंत्री आवास पहुंचा तो वहां परिजनों और शुभचिंतकों की भीड़ जुट गई। पूरे परिसर में गम का माहौल रहा।
सीएम ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया
तृषा के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन मंत्री आवास पहुंचे। दोनों ने तृषा सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि तृषा सिंह का निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। इस मुश्किल समय में सरकार और राज्य की जनता मंत्री दीपिका पांडेय सिंह तथा उनके परिवार के साथ खड़ी है। इस दौरान मुख्य सचिव अविनाश कुमार और एडीजी मनोज कौशिक समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
रांची के सीठियो घाट पर किया जाएगा अंतिम संस्कार
बताया गया है कि तृषा सिंह का अंतिम संस्कार रांची के सीठियो घाट पर किया जाएगा। अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मंत्री आवास पहुंच रहे हैं। तृषा सिंह के निधन की खबर के बाद से ही मंत्री के समर्थकों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है।








