Hazaribag: झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां अज्ञात चोरों ने किसी जेवर या नकदी पर नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे महंगे आमों में गिने जाने वाले मियांजाकी (Miyazaki) आम पर हाथ साफ कर दिया। चोर किसान के बगीचे से पांच मियांजाकी आम तोड़कर फरार हो गए। इन आमों की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
Hazaribag News: किसान ने पश्चिम बंगाल से खरीदे थे पौधे
पीड़ित किसान प्रवीण कुमार ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष पश्चिम बंगाल से मियांजाकी आम के दो पौधे लगभग 2,400 रुपये में खरीदे थे। पूरे साल उन्होंने इन पौधों की विशेष देखभाल की। नियमित सिंचाई, खाद और संरक्षण के बाद इस वर्ष पहली बार पेड़ों पर फल आए थे। लेकिन फल पकने से पहले ही चोर रात के अंधेरे में बगीचे में घुसे और पांचों आम तोड़कर ले गए।
5 आम, वजन डेढ़ किलो और कीमत करीब 4 लाख रुपये
किसान के अनुसार चोरी हुए पांचों आमों का कुल वजन करीब 1.5 किलोग्राम था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में मियांजाकी आम की कीमत काफी अधिक होने के कारण इनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी जा रही है। इस अनोखी चोरी की खबर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
क्यों इतना खास है मियांजाकी आम?
मियांजाकी आम जापान की एक प्रीमियम किस्म है, जिसे दुनिया के सबसे महंगे आमों में गिना जाता है। इसका गहरा लाल-बैंगनी रंग, अत्यधिक मिठास, खास सुगंध और सीमित उत्पादन इसे बेहद मूल्यवान बनाते हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच सकती है, हालांकि कीमत गुणवत्ता, उत्पादन और बाजार के अनुसार बदलती रहती है।
सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी
घटना के बाद किसान ने अपने बगीचे की सुरक्षा बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब सिर्फ सोना-चांदी ही नहीं, बल्कि लाखों रुपये कीमत वाले फलों की भी सुरक्षा करनी पड़ेगी। यह अनोखी चोरी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों को हैरान कर रही है।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।











