Koderma: कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड में बुधवार को मध्यान भोजन खाने के बाद 48 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। घटना जामु के हरिजन टोला स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय की है। पेट दर्द की शिकायत के बाद सभी बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मरकच्चो में भर्ती कराया गया।
भोजन करने के कुछ ही मिनट बाद अचानक पेट दर्द की शिकायत
जानकारी के अनुसार, बुधवार को विद्यालय में 62 बच्चे उपस्थित थे। बच्चों के लिए मध्यान भोजन में चावल, दाल और आलू-सोयाबीन की सब्जी तैयार की गई थी। भोजन करने के कुछ ही मिनट बाद कई बच्चे अचानक पेट दर्द की शिकायत करने लगे। शिक्षकों के मुताबिक, कुछ बच्चे दर्द से काफी परेशान हो गए और जमीन पर लेट गए।
बच्चों की स्थिति देखकर विद्यालय प्रबंधन और ग्रामीण सक्रिय हुए। अलग-अलग वाहनों से सभी प्रभावित बच्चों को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मरकच्चो पहुंचाया गया। अस्पताल में बच्चों को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
फूड पॉइजनिंग का मामला होने की आशंका
करीब एक घंटे के उपचार के बाद फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई गई है। डॉक्टरों ने प्रारंभिक तौर पर इसे फूड पॉइजनिंग का मामला होने की आशंका जताई है। हालांकि, भोजन से बच्चों की तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलने पर जिला शिक्षा अधीक्षक, अंचल अधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने भर्ती बच्चों का हालचाल जाना और स्थिति की जानकारी ली।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.












