Ranchi: झारखंड में भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए रांची जिले में 26 सितंबर को सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूल बंद रहेंगे। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने KG से 12वीं कक्षा तक के विद्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
रांची जिले में येलो अलर्ट, भारी बारिश की संभावना
जिला प्रशासन के मुताबिक, यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा-34 के तहत जारी किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग और भारत मौसम विज्ञान केन्द्र, झारखंड, रांची के 25 सितंबर के विशेष बुलेटिन में रांची जिले को येलो जोन में रखते हुए भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्कूल बंद रहने के बावजूद सरकारी विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मियों को ई-विद्यावाहिनी में अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी। उन्हें गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन भी करना होगा।
यदि किसी स्कूल में 26 सितंबर को कोई अनिवार्य परीक्षा निर्धारित है, तो उसके संचालन के संबंध में संबंधित विद्यालय प्रधान अपने विवेक से निर्णय लेंगे।
विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए फैसला
जिला प्रशासन ने बताया कि यह फैसला विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। भारी बारिश के कारण बच्चों को होने वाली संभावित परेशानियों को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है।
आदेश का पालन नहीं करने वाले विद्यालय या संस्थान के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








