पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने सुबह से ही सियासी माहौल गरमा दिया है। राज्य की 294 में से 293 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में भाजपा ने बड़ा उलटफेर करते हुए बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है।
चुनाव आयोग के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक BJP 183 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (TMC) 91 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इसके अलावा एआईएसएफ, एजेयूपी और वाम दलों को कुछ सीटों पर बढ़त मिली है।
सुबह 8 बजे से 77 मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती शुरू हुई। शुरुआती ट्रेंड्स आते ही कोलकाता समेत कई जगहों पर भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल देखने को मिला। कोलकाता स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर समर्थकों ने मिठाइयां बांटनी शुरू कर दीं।
हालांकि, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हार मानने से इनकार किया है। एक वीडियो संदेश जारी कर उन्होंने दावा किया कि अंतिम नतीजों में TMC ही सरकार बनाएगी। ममता ने आरोप लगाया कि जिन सीटों पर उनकी पार्टी बढ़त बना रही है, वहां मतगणना की रफ्तार धीमी कर दी गई है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतगणना केंद्र नहीं छोड़ने की अपील भी की।
TMC की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने भी काउंटिंग में देरी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “कई जगहों पर अभी तक सिर्फ 2 राउंड की गिनती हुई है। आखिर इतनी धीमी काउंटिंग क्यों हो रही है?”
वहीं, TMC प्रवक्ता और उम्मीदवार कुणाल घोष ने कहा कि अभी शुरुआती राउंड चल रहे हैं और तस्वीर बदल सकती है। उनके मुताबिक अभी 20 राउंड तक की गिनती बाकी है, इसलिए अंतिम नतीजों से पहले कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
इन सीटों पर खास नजर:
- मुर्शिदाबाद के रेजीनगर से हुमायूं कबीर आगे
- जलपाईगुड़ी की राजगंज सीट पर भाजपा के हरधन सरकार बढ़त में
- सिलीगुड़ी में भाजपा के शंकर घोष 7000 वोटों से आगे
- हावड़ा उत्तर से भाजपा उम्मीदवार उमेश राय आगे
- पश्चिम बर्द्धमान की सभी 9 सीटों पर भाजपा बढ़त में
फिलहाल शुरुआती ट्रेंड्स भाजपा के पक्ष में जाते दिख रहे हैं, लेकिन TMC लगातार दावा कर रही है कि “अभी खेल खत्म नहीं हुआ है।” दोपहर तक बंगाल की सत्ता की तस्वीर काफी हद तक साफ हो सकती है।









