Ranchi: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन अब रांची में पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के पड़ोसी बनने जा रहे हैं। नगड़ी अंचल के दलादली इलाके में ईशान किशन का ड्रीम प्रोजेक्ट जल्द आकार लेने वाला है। रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (RRDA) ने इस बहुमंजिला भवन का नक्शा पास कर दिया है।
यह प्रोजेक्ट रिंग रोड किनारे 75 डिसमिल जमीन पर बनाया जाएगा। जी+10 तल्ला बिल्डिंग में दो फ्लोर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए होंगे, जहां ऑफिस और शो-रूम विकसित किए जाएंगे। वहीं आठ फ्लोर में आधुनिक आवासीय फ्लैट तैयार होंगे। खास बात यह है कि यह बिल्डिंग महेन्द्र सिंह धोनी के घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर होगी।
लग्जरी सुविधाओं से लैस होगी सोसाइटी
इस हाई-प्रोफाइल प्रोजेक्ट में प्लेग्राउंड, स्विमिंग पूल, जिम, इंडोर गेम्स, कम्युनिटी हॉल, गेस्ट हाउस, गार्डन, मेडिकल स्टोर और सैलून जैसी आधुनिक सुविधाएं दी जाएंगी। बिल्डिंग में ओपन स्पेस और फ्रंट सेटबैक पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि प्रोजेक्ट का लुक प्रीमियम दिखाई दे।
ईशान किशन के पिता प्रणव कुमार पांडे ने बताया कि जमीन पहले ही खरीदी जा चुकी थी और अब नक्शा पास होने के बाद निर्माण कार्य तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा।
दलादली बन रहा नया कॉमर्शियल जोन
महेन्द्र सिंह धोनी के फार्महाउस के बाद अब ईशान किशन के इस प्रोजेक्ट से दलादली इलाके की पहचान तेजी से बदल रही है। रिंग रोड के आसपास जमीन की कीमतों में बड़ा उछाल आया है और यह इलाका तेजी से नया कॉमर्शियल हब बनता जा रहा है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








