Dhanbad: झारखंड पुलिस एसोसिएशन शाखा धनबाद के पदाधिकारियों ने मंगलवार को धनबाद पुलिस केंद्र में प्रेस वार्ता कर डुमरी विधायक जयराम महतो द्वारा बरवाअड्डा थाना प्रभारी से फोन पर कथित रूप से गाली-गलौज किए जाने के मामले पर कड़ा आक्रोश जताया. एसोसिएशन ने विधायक से 24 घंटे के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है.
पुलिस पदाधिकारी के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग गलत
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि संवैधानिक पद पर रहते हुए किसी पुलिस पदाधिकारी के साथ इस तरह की अमर्यादित भाषा का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए. ऐसे व्यवहार से पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. संगठन ने कहा कि पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं ऐसे में उनके साथ अपमानजनक व्यवहार स्वीकार्य नहीं है.
पदाधिकारियों ने बताया कि बरवाअड्डा थाना प्रभारी की ओर से इस संबंध में पुलिस एसोसिएशन झारखंड रांची के अध्यक्ष को लिखित शिकायत दी गई है .शिकायत के अनुसार कथित फोन पर गाली-गलौज के बाद विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे और थाना प्रभारी के कार्यालय कक्ष में प्रवेश किया.आरोप है कि इसी दौरान उनके और समर्थकों द्वारा टेबल पर रखे सामान को नुकसान पहुंचाया गया और पुलिस पदाधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया.
जयराम महतो के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की मांग
एसोसिएशन ने मामले में डुमरी विधायक जयराम महतो के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है. संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि विधायक के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है तो झारखंड पुलिस एसोसिएशन और झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन रांची के निर्देश के अनुसार धनबाद जिले के पुलिस अधिकारी और कर्मी काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज कराएंगे.
पदाधिकारियों ने कहा कि यदि इसके बाद भी विधायक आम जनता के समक्ष सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो संगठन के स्तर पर आगे की कार्रवाई के लिए उच्च पदाधिकारियों से अनुमति ली जाएगी. उन्होंने चेतावनी दी कि आवश्यकता पड़ने पर धनबाद जिले में पदस्थापित पुलिस अधिकारी और कर्मी अपने कर्तव्य से अनुपस्थित रहकर विरोध दर्ज करा सकते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि माफी मिलने तक आंदोलन जारी रखने पर विचार किया जाएगा.

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









