जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित पीएंडएम मॉल पर नक्शा विचलन और बकाया राशि को लेकर टाटा स्टील ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को टाटा स्टील के लैंड डिपार्टमेंट के अधिकारी सरकारी कर्मचारियों के साथ मॉल परिसर पहुंचे और जमीन की लंबाई-चौड़ाई समेत वास्तविक क्षेत्रफल की जांच की। इसी दौरान मॉल के पिछले गेट को सील कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि मॉल का पिछला गेट निक्को पार्क की ओर खुलता है और नक्शे में इसका प्रावधान नहीं था। जमीन की मापी और गेट सील किए जाने की कार्रवाई के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
2.23 करोड़ रुपये से अधिक बकाया भुगतान का नोटिस
टाटा स्टील ने इससे पहले 1 अक्टूबर 2026 को मॉल प्रबंधन को नोटिस जारी किया था। इसमें पीएंडएम हाई-टेक इंफ्रास्ट्रक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड को 2 करोड़ 23 लाख 86 हजार रुपये के बकाये का भुगतान करने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया था।
टाटा स्टील के चीफ लैंड मैनेजमेंट आनंद कुमार की ओर से जारी पत्र के अनुसार, यह राशि वित्तीय वर्ष 2008-09 से 2014-15 तक के लीज रेंट और लागू 25 प्रतिशत रोड सेस के मद में बकाया है। कंपनी ने पत्र में यह भी कहा कि भुगतान को लेकर पहले भी पत्राचार किया गया था।
सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन मामले का दिया हवाला
पत्र के मुताबिक, टाटा स्टील ने फिलहाल लीज रेंट के 120 प्रतिशत के बराबर अन्य लागू सेस की मांग नहीं की है। कंपनी ने इसकी वजह संबंधित मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन होना बताया है।
फिलहाल मॉल परिसर में जमीन की मापी और पिछले गेट को सील किए जाने की कार्रवाई की गई है। मामले में मॉल प्रबंधन का पक्ष और आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट होगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








