Ranchi: झारखंड भाजपा ने 24 जुलाई (शुक्रवार) को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन करने की घोषणा की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर यह कार्यक्रम शाम 4 बजे आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने दी।
कांग्रेस की कथनी और करनी में बहुत अंतर है
इस संबंध में सहाय ने बताया कि कांग्रेस की कथनी, करनी, चाल-चरित्र में बहुत अंतर है। एक तरफ वह देशभर में परीक्षा पारदर्शिता की बात करती है, वहीं दूसरी ओर झारखंड में JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में उठे गंभीर सवालों पर पूरी तरह मौन है। उनका दिल्ली और झारखंड में अलग अलग मापदंड है। यह पुतला दहन कार्यक्रम इसी दोहरे राजनीतिक चरित्र एवं झारखंड के युवाओं के साथ हुए इनके द्वारा किए जा रहे अन्याय के विरोध में है।
उन्होंने कहा कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर कांग्रेस की चुप्पी उसके दोहरे राजनीतिक चरित्र को उजागर करती है। एक ओर राहुल गांधी परीक्षा व्यवस्था पर भाषण देते हैं, वहीं दूसरी ओर झारखंड में अपनी सहयोगी सरकार के कार्यकाल में युवाओं के साथ हुए कथित अन्याय पर एक शब्द भी नहीं बोलते।
सीबीआई जांच की उठी मांग
उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को छात्रों की इतनी ही चिंता है तो झारखंड में जेपीएससी के द्वारा जितनी भी परीक्षा कराई गई है उसकी सीबीआई जांच की मांग इन्हें अपनी पार्टी के सहयोग से चल रही हेमंत सरकार से करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी की मांग है कि भर्ती प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो तथा युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी जनभावना को लेकर भारतीय जनता पार्टी राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में राहुल गांधी का पुतला दहन कर कांग्रेस के दोहरे रवैए के खिलाफ लोकतांत्रिक विरोध दर्ज करेगी।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







