रांची: Jharkhand में क्रिटिकल मिनरल्स (दुर्लभ एवं महत्वपूर्ण खनिज) की खोज, खनन और प्रसंस्करण के क्षेत्र में अमेरिकी कंपनियों ने रुचि दिखाई है। इस दिशा में मंगलवार को झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार और अमेरिकी काउंसलेट जनरल कैली जाइल डियाज के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य के खनिज संसाधनों और निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में अधिकारियों ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को बताया कि झारखंड केवल कोयला, लौह अयस्क, तांबा, बॉक्साइट, सोना और लाइम स्टोन जैसे पारंपरिक खनिजों का ही बड़ा केंद्र नहीं है, बल्कि यहां 20 से अधिक प्रकार के दुर्लभ खनिज भी उपलब्ध हैं। इनमें लिथियम, टाइटेनियम, वैनेडियम, सिल्वर और ग्रेफाइट जैसे रणनीतिक महत्व के खनिज शामिल हैं, जिनकी वैश्विक मांग लगातार बढ़ रही है।
नई तकनीक और निवेश के लिए अमेरिकी कंपनियों को दिया गया निमंत्रण
बैठक के दौरान अमेरिकी कंपनियों को झारखंड में खनिज अन्वेषण, खनन और आधुनिक तकनीक आधारित प्रसंस्करण गतिविधियों में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया गया। राज्य सरकार ने बताया कि दुनिया की कई अग्रणी कंपनियों के साथ इस दिशा में लगातार संपर्क किया जा रहा है और नई तकनीकों के माध्यम से खनन गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना पर काम चल रहा है।
USISPA समूह ने भी दिखाई दिलचस्पी
बैठक में यह भी जानकारी साझा की गई कि अमेरिका की माइनिंग कंपनियों के समूह USISPA ने झारखंड सरकार से संपर्क स्थापित किया है। समूह ने राज्य में खनिज ब्लॉकों की खुली नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने और विशेष रूप से क्रिटिकल मिनरल्स की खोज, खनन एवं प्रसंस्करण परियोजनाओं में निवेश की इच्छा जताई है।
Jharkhand में नए खनिज क्षेत्रों की खोज जारी
राज्य सरकार ने बताया कि दुर्लभ खनिजों के नए भंडारों की पहचान और अन्वेषण का कार्य लगातार जारी है। यदि विदेशी तकनीक और निवेश का सहयोग मिलता है तो झारखंड देश के क्रिटिकल मिनरल सेक्टर का प्रमुख केंद्र बन सकता है, जिससे औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव अरवा राजकमल, खान निदेशक राहुल कुमार सिन्हा, अमेरिकी काउंसलेट जनरल कैली जाइल डियाज सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis











