रांची: झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस की ओर से तुपुदाना स्थित राज विला बैंक्वेट हॉल में बुनियादी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की शामिल हुईं। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, प्रदेश कांग्रेस के साथ बेहतर समन्वय और कार्यकर्ताओं की जवाबदेही को लेकर अपने विचार रखे।
बूथ स्तर तक जिम्मेदारी तय करने पर जोर
शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि युवा कांग्रेस को प्रदेश कांग्रेस संगठन के साथ बेहतर तालमेल के साथ काम करने की जरूरत है। इसके लिए स्पष्ट कार्ययोजना, जिम्मेदारियों का निर्धारण और जवाबदेही जरूरी है।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती केवल प्रदेश स्तर की गतिविधियों से नहीं, बल्कि जिला, प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता से तय होती है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी भूमिका और जिम्मेदारी को समझते हुए काम करना चाहिए।
योजनाओं की नियमित समीक्षा जरूरी
मंत्री ने कहा कि संगठन की ओर से तैयार योजनाओं और कार्यक्रमों का असर तभी दिखाई देगा, जब उनके क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने पंचायत, प्रखंड और बूथ कमेटियों को मजबूत एवं सक्रिय बनाने के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समय-समय पर समीक्षा करने पर जोर दिया।
आदिवासी, दलित और महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की बात
शिल्पी नेहा तिर्की ने युवा कांग्रेस में सामाजिक प्रतिनिधित्व बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बात रखी। उन्होंने कहा कि आदिवासी, दलित और महिला नेतृत्व की भागीदारी को व्यापक बनाने के लिए समान अवसर और नेतृत्व के लिए उचित मंच उपलब्ध कराए जाने चाहिए।
उनके मुताबिक समाज के अलग-अलग वर्गों की भागीदारी बढ़ने से संगठन का आधार व्यापक होगा और वह आम लोगों से जुड़े मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से उठा सकेगा।
राहुल गांधी की विचारधारा से प्रेरणा लेने का आह्वान
मंत्री ने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी के संघर्ष, संविधान के प्रति प्रतिबद्धता और सामाजिक न्याय की विचारधारा से प्रेरणा लेकर जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, संगठनात्मक अनुशासन और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी के जरिए संगठन को जमीनी स्तर पर और प्रभावी बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी मनीष शर्मा, झारखंड युवा कांग्रेस के प्रभारी श्रवण राव, सह-प्रभारी प्रीति मांझी, झारखंड युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव समेत युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis










