Ranchi: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर रांची समाहरणालय में बुधवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्वाचन अधिकारियों ने भारत निर्वाचन आयोग के संशोधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।
BLO घर जाकर आवश्यक दस्तावेज एकत्र करेंगे
बैठक में बताया गया कि No Mapping और Anomalies के कारण जिन मतदाताओं या नागरिकों को नोटिस जारी किया गया है, उनके मामलों में संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर जाकर आवश्यक दस्तावेज एकत्र करेंगे। इसके बाद दस्तावेज ECINet/BLO App पर अपलोड किए जाएंगे, ताकि निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी या सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी मामले पर निर्णय ले सकें।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आम लोगों को नोटिस मिलने के बाद संबंधित दस्तावेज जमा करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक करने को कहा गया। बैठक में इस प्रक्रिया से संबंधित विभागीय वीडियो भी दिखाया गया।
डीसी ने अनुशासनहीन BLO के खिलाफ नियमसंगत कार्रवाई करने का निर्देश
निर्वाचन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में मतदाताओं या नागरिकों को सामान्य तौर पर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय में बुलाने की जरूरत नहीं होगी। केवल असाधारण परिस्थितियों में ऑनलाइन माध्यम से सुनवाई की जा सकेगी। जरूरत पड़ने पर मतदाता परिवार के किसी वयस्क सदस्य को सुनवाई के लिए अधिकृत कर सकता है।
उपायुक्त ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को अनुशासनहीन BLO के खिलाफ नियमसंगत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने BLO को संबंधित BLA-2 के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा।
बैठक में जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन, सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी समेत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.











