Ranchi: देश के कई राज्यों में इन्फ्लूएंजा A H1N1 और H3N2 के मामले बढ़ने के बाद झारखंड स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। हालांकि, राज्य में फिलहाल इन्फ्लूएंजा संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को निगरानी बढ़ाने और अस्पतालों में जरूरी तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने सभी सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेजों और जिला सर्विलेंस पदाधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा है। राज्य में ILI (इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी) और SARI (गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण) के मरीजों की रोजाना निगरानी की जा रही है।
अस्पतालों में कम से कम 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड
स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में कम से कम 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने का निर्देश दिया है। इसके अलावा अस्पतालों में PPE किट, N95 मास्क, ट्रिपल लेयर मास्क, जांच किट और जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा गया है।
संभावित गंभीर मरीजों को देखते हुए अस्पतालों में ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। OPD में सर्दी, खांसी, बुखार और सांस से जुड़ी गंभीर समस्या वाले मरीजों की स्क्रीनिंग पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
RIMS और MGM में जांच की सुविधा
झारखंड में इन्फ्लूएंजा A H1N1 और H3N2 की जांच की सुविधा RIMS रांची और MGM जमशेदपुर में उपलब्ध है। संदिग्ध मरीजों की पहचान होने पर जरूरत के अनुसार जांच और आगे की निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।
बुजुर्गों और छोटे बच्चों को विशेष सावधानी की जरूरत
स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों, 5 साल तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर पुरानी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। इन वर्गों में संक्रमण का असर अधिक गंभीर हो सकता है, इसलिए लक्षण दिखने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।
संक्रमण से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने और खांसते या छींकते समय मुंह-नाक ढंकने की अपील की है। पर्याप्त पानी और तरल पदार्थ लेने, हाथ मिलाने से बचने तथा सार्वजनिक स्थानों पर नहीं थूकने की सलाह दी गई है।
लोगों को गंदे हाथों से आंख, नाक और मुंह छूने से भी बचना चाहिए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक दवाएं नहीं लेनी चाहिए।
सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी सदर अस्पताल या सरकारी अस्पताल से संपर्क किया जा सकता है। स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और सलाह के लिए 24 घंटे उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर 104 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








