Ranchi: Jharkhand में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर तैयार करने की दिशा में राज्य सरकार जल्द बड़ा कदम उठाने जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा है कि राज्य में जल्द ही मेडिसिन मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री स्थापित की जाएगी। इससे झारखंड में दवाइयों का स्थानीय स्तर पर उत्पादन शुरू होगा और हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह जानकारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दी। इस कार्यक्रम में फार्मेसी से जुड़े छात्र, शिक्षक और स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञ बड़ी संख्या में शामिल हुए।
Jharkhandमें अब बनेंगी दवाइयाँ
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य गठन के दो दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद झारखंड में अब तक कोई बड़ा दवा निर्माण उद्योग स्थापित नहीं हो पाया है। आज भी सामान्य दवाइयों से लेकर कई जरूरी मेडिकल सामग्री बाहर से मंगानी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस स्थिति को बदलने के लिए गंभीर पहल कर रही है। दवा निर्माण उद्योग स्थापित होने के बाद झारखंड दवा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
हर साल 7000 फार्मेसी छात्र हो रहे पास
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि झारखंड में वर्तमान समय में 120 से अधिक फार्मेसी कॉलेज संचालित हो रहे हैं, जहां से हर साल लगभग 7000 छात्र-छात्राएं फार्मेसी की पढ़ाई पूरी कर रहे हैं। लेकिन राज्य में पर्याप्त अवसर नहीं होने के कारण कई युवाओं को बाहर जाना पड़ता है।
नई मेडिसिन इंडस्ट्री शुरू होने से इन छात्रों को राज्य के भीतर ही बेहतर रोजगार मिलने की संभावना बढ़ेगी।
7300 ANM-GNM पदों पर जल्द होगी बहाली
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत बड़े पैमाने पर नियुक्तियां करने की तैयारी कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि ANM और GNM के 7300 से अधिक पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
750 दवा स्टोर खुलेंगे, फार्मासिस्टों को मिलेगा मौका
मंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में 750 दवा स्टोर स्थापित किए जा रहे हैं। इन स्टोरों के संचालन के लिए बड़ी संख्या में फार्मासिस्टों की जरूरत होगी। इससे प्रशिक्षित युवाओं को सीधे रोजगार के अवसर मिलेंगे और लोगों को सस्ती दवाइयाँ उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
युवाओं से की मेहनत और समर्पण की अपील
फार्मेसी के छात्रों को संबोधित करते हुए डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि युवा ही राज्य का भविष्य हैं। उन्होंने छात्रों से मेहनत और समर्पण के साथ पढ़ाई करने की अपील की, ताकि वे अपने परिवार और राज्य का नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और फार्मेसी एक-दूसरे के पूरक हैं और दोनों के समन्वय से ही मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था बनाई जा सकती है। राज्य सरकार का लक्ष्य झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देना और युवाओं के लिए बेहतर भविष्य तैयार करना है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









