Jharkhand: झारखंड सरकार ने राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। ग्रामीण विकास विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (MLA Fund) के तहत 405 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। इस राशि से राज्य के 81 विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में 5-5 करोड़ रुपये तक की विकास योजनाएं संचालित कर सकेंगे।
सरकार की ओर से जारी इस फंड का उपयोग सड़क निर्माण, नाली, पेयजल व्यवस्था, सामुदायिक भवन, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं पर किया जाएगा। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को भी तेजी मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कुल 405 करोड़ रुपये में से 215 करोड़ रुपये ट्राइबल सब प्लान (TSP) के तहत जनजातीय बहुल इलाकों के विकास के लिए आवंटित किए गए हैं, जबकि 190 करोड़ रुपये सामान्य क्षेत्रों (OSP) के विकास कार्यों के लिए जारी किए गए हैं।
राशि जारी होने के बाद विधायक अपने क्षेत्र की नई विकास योजनाओं की अनुशंसा कर सकेंगे और पहले से स्वीकृत लेकिन अधूरी परियोजनाओं को भी पूरा कराने की प्रक्रिया तेज होगी।
सरकार का मानना है कि समय पर निधि उपलब्ध होने से स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन होगा और राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा सकेगा।
ये भी देखें: पेपर लीक का दोषी टेलीग्राम था… या सिस्टम? | NEET Paper Leak Explained | NTA | Telegram Ban
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।








