Jharkhand News: शहर के सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत बलियापुर रोड स्थित बिजली विभाग के गोदाम में गुरुवार की सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि आसपास के क्षेत्रों में धुएं का घना गुबार फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बलियापुर रोड पर जेपी अस्पताल के समीप स्थित बिजली विभाग के गोदाम से सुबह अचानक धुआं निकलता देखा गया। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम में बड़ी मात्रा में बिजली से संबंधित उपकरण, केबल, ट्रांसफॉर्मर के पार्ट्स एवं अन्य कीमती सामग्री रखी हुई थी, जो देखते ही देखते आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस आगलगी में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
Jharkhand News: दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग और सरायढेला थाना को इसकी जानकारी दी। सूचना पाकर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी देर बाद आग पर काबू पाया जा सका, तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि यह गोदाम कोलकाता स्थित लेजर पावर लिमिटेड कंपनी का था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









