Jharkhand News: धनबाद में एक आदिवासी मां की खोई हुई बच्ची का सुरक्षित मिलना सिर्फ एक पुलिस कार्रवाई नहीं, बल्कि इंसानियत और संवेदनशील शासन का उदाहरण बन गया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि उनके रहते किसी भी आदिवासी परिवार या उनके बच्चों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। एक मां की आंखों में लौटी मुस्कान ही उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।
Read More- Big Breaking : खनन या संरक्षण? अरावली की नई परिभाषा पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाया ‘ब्रेक’
Jharkhand News: बच्ची के गायब होने की सूचना ने उन्हें भीतर तक विचलित कर दिया था
बताया गया कि धनबाद के एक अस्पताल परिसर से एक मासूम बच्ची के लापता होने की खबर सामने आते ही प्रशासन हरकत में आ गया। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि एक मां और बच्चे के बिछड़ने का दर्द क्या होता है, यह वही समझ सकता है जिसने इसे महसूस किया हो। बच्ची के गायब होने की सूचना ने उन्हें भीतर तक विचलित कर दिया था और वह लगातार उसके सकुशल मिलने की कामना कर रहे थे।
राज्य सरकार और जिला प्रशासन की तत्परता के चलते 24 घंटे के भीतर बच्ची को सुरक्षित ढूंढ लिया गया और उसकी मां को सौंप दिया गया। मंत्री ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए धनबाद पुलिस और जिला प्रशासन की टीम की खुले दिल से सराहना की। उन्होंने कहा कि आज वह मां सरकार, प्रशासन और पूरे सिस्टम को दुआएं दे रही है, और यही सबसे बड़ी कमाई है।
Jharkhand News: इलाज के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए
इस घटना को गंभीरता से लेते हुए डॉ. अंसारी ने अस्पताल प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए हैं कि इलाज के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने साफ कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी घटनाएं न केवल अमानवीय हैं, बल्कि पूरे स्वास्थ्य तंत्र की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं।
मंत्री ने यह भी बताया कि राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों और सदर अस्पतालों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। यदि भविष्य में कहीं भी ऐसी घटना होती है, तो संबंधित संस्थान के उच्च पदाधिकारियों पर सीधी और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Read More- New Year 2026: झारखंड का ‘छोटा नियाग्रा’, जिसकी खूबसूरती देख आप कश्मीर भूल जाएंगे
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग करोड़ों लोगों से जुड़ा हुआ है और जनता का भरोसा ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। उस भरोसे की रक्षा करना सरकार और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह घटना सभी के लिए चेतावनी भी है और सीख भी कि संवेदनशीलता के बिना कोई व्यवस्था सफल नहीं हो सकती।












