Jharkhand Weather Update: झारखंड में भीषण गर्मी का कहर, 43°C के पार तापमान, आज से लोगो को मिलेगी गर्मी से राहत
Jharkhand: राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिन के समय तेज धूप और लू चलने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बढ़ते तापमान को देखते हुए स्कूलों को मॉर्निंग शिफ्ट में कर दिया गया है, ताकि बच्चों को राहत मिल सके।
इसी बीच जानकारी देते हुए मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जबकि कई जिलों में पारा 40 डिग्री के पार बना हुआ है। अब तक गर्मी से लोग काफी परेशान थे।
हालांकि, 26 से 28 अप्रैल के बीच मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान पूर्वी और मध्य झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बादल छाने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिल सकती है।
फिलहाल लोगों को सलाह दी गई है कि वे तेज धूप और लू से बचाव के लिए सावधानी बरतें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।











