रांची: जेपीएससी-जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती महाभियान के तहत छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में चल रहा सत्याग्रह आंदोलन लगातार जारी है। बुधवार को सत्याग्रह धरना का 12वां दिन तथा अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का चौथा दिन पूरा हुआ। आंदोलन में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और छात्र अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं।
आंदोलन के दौरान एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम तब सामने आया, जब देश के प्रख्यात इनोवेटर एवं शिक्षा सुधार के क्षेत्र में सक्रिय सोनम वांगचुक ने छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से लगभग आधे घंटे तक वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत की। इस दौरान सोनम वांगचुक ने आंदोलन की वर्तमान स्थिति और देवेंद्र नाथ महतो के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आंदोलन जारी रखने की सलाह देते हुए छात्रों का मनोबल बढ़ाया और अपने विचार साझा किए।
बातचीत के दौरान सोनम वांगचुक के आग्रह पर देवेंद्र नाथ महतो ने जल ग्रहण किया। इसके साथ ही देवेंद्र नाथ महतो ने सोनम वांगचुक से रांची आकर आंदोलनरत छात्रों से मिलने तथा उनका मनोबल बढ़ाने का आग्रह भी किया।
मीडिया से बातचीत में देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती प्रक्रियाओं में हुई कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराए जाने और अभ्यर्थियों की मांगों पर ठोस एवं संतोषजनक निर्णय लिए जाने तक उनका सत्याग्रह और अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर किया जा रहा है। आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा और जब तक न्याय नहीं मिलता, तब तक पीछे हटने का कोई सवाल नहीं है।
आंदोलनरत छात्रों ने भी सरकार से जल्द वार्ता कर उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करने की अपील की है। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करना ही इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य है।
Akash Kumar Singh is an IT Executive & SEO Specialist at Khabar Mantra. A Full-Stack Developer, AI/ML Engineer, and EdTech Founder (Dilwado), he scales platforms serving 10K+ students, commands a 400K+ subscriber tech channel, and drives high-performance web growth.









