Koderma: झारखंड के कोडरमा जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। सदर थाना क्षेत्र के घाटी स्थित नौवां माइल के पास ट्रक और कंटेनर की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब कोल्ड ड्रिंक से लदा ट्रक रांची से बिहार जा रहा था, जबकि सामने से बिहार की ओर से जमशेदपुर जा रहा कंटेनर तीखे मोड़ पर पहुंचा। तेज रफ्तार में हुई इस भिड़ंत से दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बिहार जा रहा था कोल्ड ड्रिंक से लदा ट्रक
मिली जानकारी के अनुसार, कोल्ड ड्रिंक से भरा एक ट्रक रांची से बिहार की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से बिहार से जमशेदपुर की दिशा में आ रहा एक कंटेनर घाटी के नौवां माइल स्थित तीखे मोड़ पर पहुंचा। मोड़ पर दोनों वाहन आमने-सामने आ गए और तेज रफ्तार के कारण उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद कोल्ड ड्रिंक से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रक में लदा सामान सड़क पर फैल गया और बड़ी संख्या में कोल्ड ड्रिंक की बोतलें बिखर गईं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों और सड़क सुरक्षा टीम ने बचाई चालक की जान
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय नागरिकों के साथ सड़क सुरक्षा कर्मी सागर गिरी और कोडरमा थाना की पेट्रोलिंग टीम ने काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को ट्रक के केबिन से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल सदर अस्पताल, कोडरमा भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
Koderma: कुछ देर बाधित रहा रांची-पटना हाईवे
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के दौरान रांची-पटना मुख्य मार्ग पर कुछ समय तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए यातायात को सामान्य कर दिया।
ये भी पढ़ें: Breaking News: रांची में आज भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, टकराव की आशंका







