Sasaram Railway Station पर सोमवार सुबह बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले स्टेशन पर खड़ी Sasaram-Patna फास्ट पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि दूसरी बोगी भी आंशिक रूप से प्रभावित हुई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर खड़ी थी ट्रेन
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 53212 डाउन Sasaram-Patna फास्ट पैसेंजर प्रतिदिन की तरह सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर खड़ी थी। यात्री ट्रेन में चढ़ रहे थे और ट्रेन खुलने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान एक बोगी से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया।
मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों ने सबसे पहले धुआं देखकर शोर मचाया और रेलवे कर्मियों को सूचना दी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रेन की पांचवीं बोगी पूरी तरह आग की चपेट में आ गई।
मजदूरों और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही रैक प्वाइंट पर मौजूद मजदूरों की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों और रेलकर्मियों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई।
हालांकि, जब तक आग पूरी तरह बुझाई जाती, तब तक ट्रेन की पांचवीं बोगी पूरी तरह जल चुकी थी। वहीं चौथी बोगी का पिछला हिस्सा भी आग से प्रभावित हो गया।
रेलवे प्रशासन ने अलग की अन्य बोगियां
आग फैलने की आशंका को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तुरंत बाकी बोगियों को काटकर अलग कर दिया। इससे आग अन्य डिब्बों तक फैलने से बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने पटना और आरा जाने के लिए बस और अन्य निजी साधनों का सहारा लिया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








