National News: दीपावली में कुछ ही दिन शेष बचे है और गुजरात में दीपावली से पहले बड़ा मंत्रिमंडलीय फेरबदल होने जा रहा है. राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आज यानी गुरुवार के रात 8 बजे अपने आवास पर सभी मंत्रियों की अहम बैठक बुलाई है. सुत्रों के अनुसार, 8 से 10 मंत्री अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं. और उनका कार्यभार नए मंत्रियों को सौंपा जाएगा.
वहीं, सभी नए मंत्री कल यानी 17 अक्टूबर के सुबह 11:30 बजे गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में शपथ ग्रहण करेंगे. इस दौरान केंद्रीय मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहेंगे.
मालूम हो कि, गुजरात कैबिनेट में कुल 17 मंत्री हैं, जिनमें 8 कैबिनेट मंत्री और 8 राज्य मंत्री हैं. जानकारी के मुताबिक, 8-10 मंत्रियों को हटाया जा सकता है. वहीं 5 से 7 पुराने मंत्रियों को दोबारा मौका दिया जा सकता है. और नए चेहरों में कांग्रेस से भाजपा में आए अर्जुन मोढवाड़िया, हार्दिक पटेल, अल्पेश ठाकोर और सीजे चावड़ा को भी मंत्री बनाए जाने की संभावना है. सौराष्ट्र से जयेश रादडिया और जीतू वाघानी का नाम भी लगभग तय माना जा रहा है. इस बदलाव में पाटीदार और ठाकोर समुदाय को खास तवज्जो दी जा रही है.













