Ranchi: झारखंड की ग्रामीण महिलाओं ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राज्य के आम्रपाली आम को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचा दिया है। ग्रामीण विकास विभाग और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के प्रयासों से देवघर और गुमला जिले की महिला किसान उत्पादक कंपनियों द्वारा तैयार किए गए 2 टन आम्रपाली आम की पहली खेप दुबई पहुंच चुकी है। दुबई के प्रतिष्ठित लूलू मॉल में यह आम अपनी बेहतरीन गुणवत्ता और मिठास के कारण ग्राहकों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।
इससे पहले भी झारखंड का आम्रपाली आम लंदन और इटली जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच चुका है। यह सफलता राज्य की महिला किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और कृषि आधारित आजीविका मॉडल की बढ़ती ताकत को दर्शाती है।
महिला किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में बड़ी पहल
जेएसएलपीएस लगातार स्वयं सहायता समूहों और एफपीओ को आधुनिक विपणन, गुणवत्ता आधारित प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से जोड़ रहा है। ‘पलाश’ ब्रांड के तहत राज्यभर में लगाए गए आम बिक्री स्टॉलों से स्थानीय बाजार में अच्छी सफलता मिली। इसी मॉडल को आगे बढ़ाते हुए अब झारखंड के आम को वैश्विक बाजार तक पहुंचाया गया है।
सरकार का लक्ष्य, दुनिया तक पहुंचे झारखंड के उत्पाद
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि इस उपलब्धि का पूरा श्रेय राज्य की मेहनतकश महिलाओं को जाता है। उनके अनुसार, बिरसा हरित ग्राम योजना ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य झारखंड के कृषि उत्पादों को अधिक से अधिक देशों तक पहुंचाना और महिला किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़कर उनकी आय में लगातार बढ़ोतरी सुनिश्चित करना है। यह पहल न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि झारखंड को कृषि निर्यात के क्षेत्र में भी नई पहचान दिलाएगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









