Ranchi: पश्चिम बंगाल की राजनीति के बीच कोलकाता से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। दक्षिण कोलकाता के अलीपुर इलाके स्थित एक सरकारी भवन में लगी भीषण आग में करीब 4000 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) जलकर नष्ट हो गईं।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब राज्य की राजनीति पहले से ही कई मुद्दों को लेकर गरमाई हुई है। आग लगने के बाद मामले ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।
24 घंटे तक आग बुझाने में जुटी रही फायर ब्रिगेड
जानकारी के अनुसार, बुधवार को अलीपुर की नौ मंजिला सरकारी इमारत में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि फायर सर्विस की टीम को इसे नियंत्रित करने में लगभग 24 घंटे लग गए। गुरुवार सुबह तक आग की लपटें भले ही शांत हो गई थीं, लेकिन भवन के अंदर कई स्थानों पर ‘पॉकेट फायर’ की स्थिति बनी रही।
10 विधानसभा क्षेत्रों में इस्तेमाल हुई थीं मशीनें
राज्य सरकार के फायर और इमरजेंसी सर्विस मंत्री कौशिक चौधरी ने बताया कि आग में नष्ट हुईं करीब 4000 ईवीएम का इस्तेमाल हाल ही में राज्य के 10 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव के दौरान किया गया था। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में यह आग सामान्य नहीं लग रही है और इस मामले में किसी तरह की तोड़फोड़ या साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना के बाद एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग दूसरी और तीसरी मंजिल से शुरू हुई थी, लेकिन ऊपरी मंजिलों तक कैसे पहुंची, यह जांच का विषय है। अब सभी की नजर फोरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे आग लगने की असली वजह सामने आ सकेगी।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









