Ranchi: रांची नगर निगम ने राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में पिछले करीब 40 वर्षों से लगने वाले प्रसिद्ध साप्ताहिक सब्जी बाजार को शनिवार से बंद कर दिया गया। निगम ने बढ़ती भीड़, ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था का हवाला देते हुए यह फैसला लिया है। निगम के आदेश के बाद शनिवार को किसी भी सब्जी विक्रेता को बाजार लगाने की अनुमति नहीं दी गई। इस फैसले से सैकड़ों छोटे व्यापारियों और किसानों में भारी नाराजगी है।
आंदोलन की तैयारी में हैं सब्जी विक्रेता
बताते चलें कि हर बुधवार और शनिवार को लगने वाला यह बाजार ग्रामीण इलाकों से आने वाले किसानों और सब्जी विक्रेताओं के लिए कमाई का सबसे बड़ा जरिया माना जाता था। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में विक्रेता मोरहाबादी पहुंचे, लेकिन निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने उन्हें दुकान लगाने से रोक दिया। कई विक्रेता वापस लौट गए, जबकि 100 से अधिक विक्रेता मैदान में डटे रहे। विक्रेता अब आंदोलन की तैयारी में है।
विक्रेताओं का कहना है कि बाजार बंद होने से उनके परिवार की आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा। विक्रेताओं का कहना है कि वह पिछले 35 वर्षों से यहीं सब्जियां बेचकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं।
100 से 1600 तक पहुंच गई सब्जी विक्रेताओं की संख्या
दूसरी ओर स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले इस बाजार में केवल 50 से 100 दुकानें लगती थीं, लेकिन अब दुकानों की संख्या बढ़कर लगभग 1600 तक पहुंच गई है। दुकानदार सड़कों तक फैल गए, जिससे हर सप्ताह भारी ट्रैफिक जाम और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता था।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या निगम सब्जी विक्रेताओं के लिए कोई वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराएगा या फिर यह विवाद आंदोलन का रूप लेगा। आने वाले दिनों में निगम और सब्जी विक्रेताओं के बीच होने वाली बातचीत पर सभी की नजर रहेगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









