राज्यसभा चुनाव: झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने और रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं। इसी कड़ी में एनडीए और महागठबंधन ने अपने-अपने विधायकों को अलग-अलग स्थानों पर ठहराने की तैयारी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, एनडीए अपने सभी 24 विधायकों को रांची स्थित रेडिसन ब्लू होटल में शिफ्ट कर रहा है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई विधायक होटल पहुंच चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक, विधायकों के ठहरने के लिए होटल में कुल 32 कमरे बुक किए गए हैं। सभी विधायक 18 जून को मतदान तक यहीं रहेंगे। माना जा रहा है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की राजनीतिक उठापटक से बचने और विधायकों को एकजुट रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
वहीं कांग्रेस की बात की जाए तो यहां भी गतिविधियां तेज हैं। कांग्रेस के विधायक और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं का होटल बीएनआर पहुंचना शुरू हो गया है। जानकारी है कि सभी विधायक दोपहर करीब 3 बजे तक होटल पहुंच जाएंगे, जहां आगामी चुनाव को लेकर रणनीति बनाई जाएगी और विधायकों के साथ बैठक होगी।
इसके बाद शाम करीब 7 बजे मुख्यमंत्री आवास में महागठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में राज्यसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा के साथ-साथ नए विधायकों को मतदान प्रक्रियाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। चुनाव से पहले दोनों खेमों की यह सक्रियता राज्यसभा मुकाबले को और दिलचस्प बना रही है। अब देखना है कि यह तस्विर किस तरह बदलती है या फिर…

न्यूज डेस्क राइटर, खबर मन्त्र। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल जगत और वायरल समसामयिक विषयों पर त्वरित और सटीक समाचार संपादन।








