Ramgarh Accident: जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित चुटुपालू घाटी में बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने घाटी में कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में करीब 15 से 20 लोग घायल हुए हैं। राहत की बात यह है कि समाचार लिखे जाने तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर लगभग दो किलोमीटर तक अनियंत्रित अवस्था में दौड़ता रहा। इस दौरान उसने चार चारपहिया वाहनों, तीन दोपहिया वाहनों और एक यात्री बस को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुई टक्कर से सड़क पर चीख-पुकार मच गई और यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया।
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि ट्रेलर तेज गति से आ रहा था और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते ट्रेलर ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे कई लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रशासन क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य करने में जुटा है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार अभी तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis












