Ranchi: चान्हो प्रखंड के बेयासी गांव के आदिवासी समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात कर ग्रामीणों की जमीन पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की।
समाहरणालय स्थित कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान उपायुक्त ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए। उन्होंने चान्हो के अंचल अधिकारी को स्थानीय चान्हो थाना के सहयोग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने का आदेश दिया।
अवैध कब्जा मिलने पर होगी तत्काल कार्रवाई
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि जांच में आदिवासी भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि होती है तो संबंधित कब्जा तत्काल हटाया जाए और प्रभावित परिवारों के वैध भूमि अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन भूमि संबंधी मामलों में किसी भी तरह की अनियमितता या अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं करेगा।
“आदिवासी समुदाय हमारी जिले की रीढ़ है” – DC
मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा,
“आदिवासी समुदाय हमारे जिले की रीढ़ हैं। उनकी जमीन से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत को जिला प्रशासन शून्य सहनशीलता के साथ देखता है। किसी भी कीमत पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
भूमि विवादों में सख्ती का संदेश
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भूमि विवादों से जुड़े मामलों में कानून के अनुसार सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा आदिवासी भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि भूमि संबंधी किसी भी शिकायत की सूचना जिला प्रशासन को दें, ताकि समय पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जन शिकायत के लिए आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर
Ranchi जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी जन शिकायत या समस्या की सूचना ‘अबुआ साथी‘ के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 पर भेजी जा सकती है।








