Ranchi: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। कुसई चौक के पास तेज रफ्तार क्रेटा कार ने सड़क किनारे खड़े दीपक कुमार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल दीपक की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई।
घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सोमवार को शव सड़क पर रखकर जाम कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की।
Ranchi: तेज रफ्तार क्रेटा ने युवक को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे डोरंडा थाना क्षेत्र के कुसई चौक के पास कुसई कॉलोनी स्थित शराब दुकान के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सफेद रंग की तेज रफ्तार क्रेटा कार ने सड़क किनारे खड़े दीपक कुमार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार युवक के ऊपर चढ़ गई। दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
फुचका बेचकर परिवार चलाता था दीपक
मृतक दीपक कुमार कुसई कॉलोनी का रहने वाला था। वह फुचका बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत की खबर मिलने के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
मामले में दीपक के भाई रौशन कुमार ने डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में क्रेटा कार नंबर जेएच-01जीए-5607 के चालक पर तेज और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है।
शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन, टायर भी जलाए
दीपक की मौत से नाराज महिला और पुरुषों ने सोमवार को उसका शव सड़क पर रखकर घाघरा के पास सड़क जाम कर दिया। बताया गया कि दोपहर करीब ढाई बजे शुरू हुआ जाम शाम चार बजे तक जारी रहा।
प्रदर्शनकारी आरोपी चालक की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग कर रहे थे। विरोध के दौरान कुछ लोगों ने सड़क पर टायर भी जलाए। सड़क जाम होने के कारण कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा।
पुलिस के आश्वासन के बाद खत्म हुआ सड़क जाम
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद डोरंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस के आश्वासन के बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। फिलहाल पुलिस दर्ज प्राथमिकी के आधार पर हादसे और आरोपी चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









