Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति और विभिन्न शांति समितियों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा और गुलदस्ता भेंट कर दुर्गा पूजा में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
पूजा समितियों के सदस्यों ने जिला प्रशासन की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से समय-समय पर बैठकें कर पूजा से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

सीएम को सपरिवार पंडाल घूमने का न्योता
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को रांची के विभिन्न पूजा पंडालों में सपरिवार पहुंचकर माता रानी के दर्शन और महाआरती में शामिल होने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए इस वर्ष दुर्गा पूजा उत्सव में शामिल होने और विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण करने की बात कही।
पर्यावरण अनुकूल विसर्जन पर जोर
मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों से मूर्ति विसर्जन के लिए पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था तैयार करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन के बाद तालाबों और जलाशयों की स्थिति पर्यावरण के लिए चुनौती बनती है। ऐसे में सरकार और पूजा समितियों के बीच समन्वय से इको-फ्रेंडली विसर्जन की वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की जानी चाहिए।

पंडालों में लगेंगे नशा मुक्ति जागरूकता के होर्डिंग
हेमंत सोरेन ने पूजा पंडालों में नशा मुक्ति जागरूकता से जुड़े होर्डिंग और बैनर लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के सामूहिक प्रयास से नशा मुक्त झारखंड की दिशा में काम किया जा सकता है।
पूजा समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि पंडालों में नशा मुक्ति को लेकर बैनर-होर्डिंग लगाए जाएंगे और अनाउंसमेंट के जरिए युवाओं को भी जागरूक किया जाएगा।

सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर निर्देश
मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा को आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का पर्व बताते हुए पूजा समितियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अधिकारियों को त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था, बिजली, पानी, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने खास तौर पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखने को कहा। इस दौरान रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जिले में दुर्गा पूजा को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis











