Ranchi: में LPG गैस को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। जिला प्रशासन की बैठक, गैस एजेंसियों को दिए गए निर्देश और मैन्युअल बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर जारी होने के बावजूद जमीनी स्तर पर हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग की पूरी व्यवस्था ही फिलहाल गड़बड़ा गई है।
दरअसल गैस कंपनियों की ओर से बताया गया है कि सर्वर अपग्रेडेशन के कारण ऑनलाइन बुकिंग में समस्या आ रही है। इसी वजह से मैन्युअल बुकिंग की व्यवस्था शुरू की गई है और विभिन्न गैस एजेंसियों के मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं, ताकि उपभोक्ता सीधे फोन कर गैस सिलेंडर बुक करा सकें।
लेकिन उपभोक्ताओं का कहना है कि जमीनी स्तर पर यह व्यवस्था भी ठीक से काम नहीं कर रही।
OTP नहीं आ रहा, कॉल भी नहीं लग रहा
कई उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस बुकिंग के दौरान मोबाइल पर OTP ही नहीं आ रहा, जिससे ऑनलाइन बुकिंग पूरी नहीं हो पा रही है। वहीं जिन नंबरों को मैन्युअल बुकिंग के लिए जारी किया गया है, उन पर भी अक्सर कॉल नहीं लग पा रहा या फोन उठाया नहीं जा रहा।
Read More: LPG बुकिंग के नाम पर बड़ा साइबर फ्रॉड! गैस की कमी का डर दिखाकर ऐसे ठग रहे पैसे
इस वजह से कई लोग कई दिनों से गैस सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि सिस्टम में गड़बड़ी के कारण उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
DC की बैठक के बाद भी नहीं बदले हालात
इस मुद्दे को लेकर हाल ही में रांची के उपायुक्त (DC) ने गैस एजेंसियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया था कि किसी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बावजूद कई इलाकों से अब भी शिकायतें सामने आ रही हैं कि लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है और बुकिंग प्रक्रिया भी ठीक से काम नहीं कर रही।
केंद्र सरकार का दावा: गैस की कोई कमी नहीं
इधर केंद्र सरकार का कहना है कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस आपूर्ति पूरी तरह नियंत्रण में है।
सरकार का कहना है कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के लिए फिलहाल कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई सीमित की गई है और बुकिंग की अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है।
जनता ने उठाए सवाल, जांच की मांग
इन सब दावों और व्यवस्थाओं के बीच आम उपभोक्ताओं की परेशानी कम नहीं हो रही है। लोगों का कहना है कि जब गैस की कमी नहीं है और प्रशासन ने व्यवस्था भी बना दी है, तो फिर बुकिंग सिस्टम क्यों काम नहीं कर रहा और एजेंसियों से संपर्क क्यों नहीं हो पा रहा।
उपभोक्ताओं का कहना है कि पूरे मामले की जांच होनी चाहिए ताकि यह साफ हो सके कि समस्या तकनीकी है, वितरण व्यवस्था में गड़बड़ी है या फिर कहीं एजेंसियों की लापरवाही से हालात बिगड़ रहे हैं।
फिलहाल रांची के उपभोक्ताओं को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द इस मामले की गंभीरता से जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करेगा और गैस आपूर्ति व बुकिंग व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य बनाएगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








