रांची: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की लाखों महिलाओं को बड़ी राहत मिली है। जिला प्रशासन ने अप्रैल, मई और जून 2026 की तीन माह की सम्मान राशि एक साथ लाभुकों के बैंक खातों में भेज दी है। प्रत्येक पात्र महिला को ₹7,500 (तीन महीने की राशि) आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित किए गए हैं।
रांची जिले में कुल 3,66,664 महिलाओं के खातों में सफलतापूर्वक भुगतान किया गया है। इसके लिए सरकार की ओर से ₹274 करोड़ 99 लाख 80 हजार की राशि जारी की गई है।
इन प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में हुआ भुगतान
जिला प्रशासन के अनुसार अनगड़ा, बेड़ो, बुंडू, बुढ़मू, चान्हो, कांके, मांडर, नगड़ी, नामकुम, ओरमांझी, रातू, सिल्ली, तमाड़, सोनाहातू सहित सभी प्रमुख प्रखंडों और अरगोड़ा, हेहल, नामकुम, नगड़ी, कांके तथा टाउन अर्बन जैसे शहरी क्षेत्रों के लाभुकों के खातों में राशि भेज दी गई है।
हालांकि बड़गाईं अंचल और ईटकी प्रखंड के लाभुकों का भुगतान अभी प्रक्रियाधीन है। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि इन क्षेत्रों के पात्र लाभुकों को भी जल्द राशि उपलब्ध करा दी जाएगी।
उपायुक्त ने क्या कहा?
रांची के जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलने के साथ-साथ उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिन क्षेत्रों में भुगतान शेष है, वहां सभी पात्र महिलाओं के खातों में जल्द से जल्द राशि भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि योजना का लाभ समय पर सभी तक पहुंच सके।
मुख्य बातें एक नजर में
* कुल लाभुक: 3,66,664 महिलाएं
* प्रति लाभुक भुगतान: ₹7,500
* अवधि: अप्रैल से जून 2026 (तीन माह)
* कुल राशि: ₹274 करोड़ 99 लाख 80 हजार
* भुगतान का माध्यम: आधार आधारित DBT
* बड़गाईं अंचल और ईटकी प्रखंड का भुगतान: प्रक्रियाधीन

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








