Ranchi: रांची नगर निगम अब शहर के लोगों को छोटी-छोटी नगर निगम सेवाओं के लिए मुख्यालय के चक्कर लगाने से राहत देने जा रहा है। नगर निगम की ओर से 2 अक्टूबर 2026 को शहर के पांच अलग-अलग क्षेत्रों में अंचल कार्यालयों का शुभारंभ किया जाएगा। इन कार्यालयों के जरिए लोगों को स्थानीय स्तर पर ही नगर निगम से जुड़ी विभिन्न सेवाएं और सुविधाएं मिल सकेंगी।
नगर निगम के मुताबिक, इन अंचल कार्यालयों का निर्माण और जरूरी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यालयों में रंग-रोगन और आवश्यक सिविल कार्य पूरे किए जा रहे हैं। साथ ही नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने की व्यवस्था, कुर्सी-टेबल, सीसीटीवी कैमरे समेत अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इन 5 जगहों पर खुलेंगे अंचल कार्यालय
Ranchi नगर निगम के अनुसार, शुरुआती चरण में इन पांच स्थानों पर अंचल कार्यालय शुरू किए जाएंगे:
- सामुदायिक भवन, बड़ा तालाब — वार्ड संख्या 21
- पंचायत कार्यालय, पंडरा — वार्ड संख्या 32
- सामुदायिक भवन, बांधगाड़ी — वार्ड संख्या 06
- सामुदायिक भवन, सेक्टर-3 बाजार, एचईसी, धुर्वा — वार्ड संख्या 40
- सामुदायिक भवन, उरांव चौक, हेहल — वार्ड संख्या 52
दूर-दराज के लोगों को नहीं लगाना पड़ेगा मुख्यालय का चक्कर
इन अंचल कार्यालयों के शुरू होने से शहर के दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को छोटी-छोटी नगर निगम सेवाओं के लिए कचहरी परिसर स्थित नगर निगम मुख्यालय तक आने की जरूरत कम होगी। लोग अपने क्षेत्र के नजदीकी अंचल कार्यालय पहुंचकर संबंधित सेवाओं और सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे।
नगर निगम का कहना है कि यह पहल शहर में प्रशासन और सेवाओं को स्थानीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आगे चलकर शहर के अलग-अलग हिस्सों में समर्पित अंचल कार्यालयों का मजबूत नेटवर्क विकसित करने का लक्ष्य है, जिससे नगर निगम की सेवाएं नागरिकों तक ज्यादा सुलभ, तेज और प्रभावी तरीके से पहुंचाई जा सकें।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









