Ranchi: सावन की अंतिम सोमवारी के मौके पर राजधानी रांची पूरी तरह शिवभक्ति में डूबी नजर आई। ऐतिहासिक Pahari Mandir में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के ब्रह्ममुहूर्त से ही शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचने लगे। पूरे इलाके में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
सुबह 3:30 बजे खुले Pahari Mandir के कपाट
श्रद्धालुओं की आस्था और भीड़ को देखते हुए पहाड़ी मंदिर के कपाट सोमवार को तड़के करीब 3:30 बजे खोल दिए गए। इसके बाद विधि-विधान के साथ बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक और पंचामृत स्नान कराया गया। अंतिम सोमवारी के अवसर पर बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया।
बेलपत्र, धतूरा, भांग, मदार के फूल और चंदन से बाबा का श्रृंगार किया गया। कपाट खुलते ही दर्शन के लिए इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं ने बाबा पर जल अर्पित करना शुरू कर दिया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
अंतिम सोमवारी पर बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सावन के हर सोमवार को पहाड़ी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन अंतिम सोमवारी को भक्तों की संख्या और उत्साह दोनों चरम पर नजर आए। मंदिर प्रबंधन समिति के अनुसार, सावन की पिछली सोमवारी में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए हैं।
भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगम तरीके से जलाभिषेक कराने के लिए मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्था की गई है। गर्भगृह के बाहर अरघा की व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु बिना भीड़ बढ़ाए बाबा को जल अर्पित कर सकें।
महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सुबह से ही कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मंदिर समिति और स्थानीय स्वयंसेवकों की टीम भी श्रद्धालुओं की मदद में जुटी रही।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। Pahari Mandir परिसर, आसपास के इलाकों और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
भीड़ और यातायात व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन की मदद भी ली जा रही है। प्रशासन की कोशिश है कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और पूरे इलाके में कानून-व्यवस्था बनी रहे।
बारिश के बीच भी जारी रही भक्तों की कतार
सावन की अंतिम सोमवारी पर मौसम भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सका। कई श्रद्धालु नंगे पैर और कांवड़ लेकर पहाड़ी मंदिर पहुंचे। बारिश के बीच भी बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्तों का पहुंचना जारी रहा।
मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे लगातार गूंजते रहे। डमरू की थाप और धार्मिक जयघोष ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सावन की अंतिम सोमवारी श्रद्धालुओं के लिए सिर्फ पूजा का दिन नहीं, बल्कि भगवान शिव के प्रति आस्था और समर्पण का विशेष अवसर है। बाबा पहाड़ी के दरबार में पहुंचे भक्तों ने सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









