Ranchi: राजधानी रांची स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) में आदिवासी छात्र संघ ने स्पोर्ट्स विभाग में कथित अनियमितताओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर छात्रों ने नारेबाजी करते हुए स्पोर्ट्स विभागाध्यक्ष को तत्काल पद से हटाने की मांग की।
ये भी पढ़ें: Ranchi में कैब से सफर हुआ महंगा, Uber-Rapido ने बढ़ाया किराया; Ola ड्राइवरों की हड़ताल अब भी जारी
राष्ट्रीय स्तर के स्पोर्ट्स सर्टिफिकेट में गड़बड़ी का आरोप
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मिलने वाले स्पोर्ट्स सर्टिफिकेट उन विद्यार्थियों को जारी किए जा रहे हैं, जिन्होंने कभी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ही नहीं लिया। छात्रों का दावा है कि कथित रूप से पैसे लेकर ऐसे प्रमाणपत्र जारी किए जा रहे हैं।
आदिवासी छात्र संघ के सदस्यों ने आरोप लगाया कि स्पोर्ट्स विभागाध्यक्ष ने कई छात्रों को डराने-धमकाने का प्रयास किया। छात्रों का यह भी आरोप है कि विभाग में विभिन्न कार्यों के नाम पर पैसे के लेन-देन की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
DSPMU: यौन शोषण के गंभीर आरोप भी लगाए
प्रदर्शन के दौरान छात्र संघ ने यह भी दावा किया कि विश्वविद्यालय की कुछ छात्राओं ने संगठन से संपर्क कर विभागाध्यक्ष पर यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों के अनुसार, संबंधित छात्राओं ने स्वयं संगठन को अपनी आपबीती बताई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
इन आरोपों से नाराज आदिवासी छात्र संघ के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर के बाहर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर स्पोर्ट्स विभागाध्यक्ष के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए तथा जांच पूरी होने तक उन्हें पद से हटाया जाए।
प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल
छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय में इस प्रकार के गंभीर आरोप सामने आना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते शिकायतों पर कार्रवाई की गई होती तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती। फिलहाल, छात्र संगठन पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।
ये भी देखें: Khabarmantralive के यूट्यूब चैनल से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।








