रांची: जब हौसले मजबूत हों और अपनी जड़ों पर गर्व हो, तो देश का बड़ा मंच भी छोटा लगने लगता है। झारखंड के सिमडेगा की रहने वाली रेशमा लकड़ा ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया। लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के मंच पर पहुंचीं रेशमा ने अपने आत्मविश्वास और बेबाक अंदाज से न सिर्फ दर्शकों का ध्यान खींचा, बल्कि सिमडेगा की पहचान को भी देशभर के सामने रखा।
शो के दौरान जब अमिताभ बच्चन ने रेशमा से सिमडेगा के बारे में पूछा, तो उन्होंने गर्व के साथ अपनी जन्मभूमि के बारे में बताया। रेशमा ने कहा कि सिमडेगा झारखंड का शांत और खूबसूरत आदिवासी बहुल क्षेत्र है, जिसे देशभर में ‘हॉकी की नर्सरी’ के तौर पर जाना जाता है।
अमिताभ बच्चन ने पूछा- सिमडेगा कहां है?
रेशमा ने बताया कि भारतीय महिला हॉकी टीम की स्टार खिलाड़ी सलीमा टेटे और वह एक ही गांव बड़की छापर की रहने वाली हैं। सलीमा टेटे का नाम सामने आते ही KBC के मंच पर तालियां गूंज उठीं।
रेशमा ने शो में अपने परिचय के दौरान बेहद आत्मविश्वास से कहा कि वह ‘सिमडेगा की छोरी’ हैं और सब पर भारी पड़ेंगी। उनके इस अंदाज ने अमिताभ बच्चन के साथ-साथ स्टूडियो में मौजूद दर्शकों का भी ध्यान खींचा।
हॉट सीट तक पहुंचने से रह गईं दूर
प्रतिस्पर्धा के दौरान रेशमा का मुकाबला नोएडा के प्रशांत कुमार से हुआ। हॉट सीट तक पहुंचने की रेस में प्रशांत कुमार आगे रहे। हालांकि रेशमा हॉट सीट तक नहीं पहुंच सकीं, लेकिन उनके आत्मविश्वास और दमदार उपस्थिति ने सिमडेगा को राष्ट्रीय टीवी मंच पर पहचान दिलाई।
रेशमा के KBC में नजर आने के बाद सिमडेगा जिले में भी खुशी का माहौल है। लोगों के बीच उनकी चर्चा हो रही है और खास तौर पर सिमडेगा की हॉकी संस्कृति, आदिवासी पहचान और खेल प्रतिभाओं के राष्ट्रीय मंच पर सामने आने को लेकर उत्साह है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









