Ranchi : झारखंड में रबी फसल के बीज वितरण का कार्य कलस्टर के फार्मूले पर होगा. 80 से 100 गांव को मिलाकर कर कलस्टर निर्माण का निर्देश राज्य की कृषि , पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने दिया है. हर एक कलस्टर को किसी खास फसल की पहचान के तौर पर विकसित किया जाएगा.
नेपाल हाउस में कृषि एवं उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से ये बात कही. बिरसा फसल विस्तार योजना के तहत 100 प्रतिशत अनुदान पर बीज का वितरण किया जाएगा. समीक्षा बैठक में योजनाओं की विस्तृत जानकारी लेते हुए कृषि मंत्री ने योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने के साथ समय पर लाभुक को योजना का लाभ दिलाने की बात कही.
100 गांव का होगा एक कलस्टर , खास फसल के लिए जाना जाएगा कलस्टर- शिल्पी नेहा तिर्की
रबी फसल को लेकर विशेष रूप से तैयारी करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है. दलहन और तिलहन फसल को लेकर किसानों के बीच जागरूकता, गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा. किसानों के लिए प्रखंड स्तर पर आयोजित होने वाली गोष्ठी इस बार पंचायत स्तर पर आयोजित होगी. इसका उद्देश्य गांव के लोगों को विभाग की योजनाओं को लेकर जागरूक करना है.
इसके साथ ही नवंबर माह में रांची में राज्य स्तरीय कृषि व्यापार मेला आयोजित करने पर सहमति बनी है. मेला की सफलता को लेकर अधिकारियों को विशेष जिम्मेवारी दी गई है. इस साल अच्छी बारिश के बाद अच्छी फसल होने की पूरी संभावना है. खेतों में लगे धान की फसल कटने के साथ रबी फसल के लिए जिला स्तर पर मिलने वाले डिमांड के अनुरूप बीज उपलब्ध कराए जाएंगे.
समीक्षा बैठक में विभागीय सचिव अबू बक्कर सिद्धिखी, विशेष सचिव गोपाल जी तिवारी, विशेष सचिव प्रदीप हजारी, कृषि निदेशक भोर सिंह यादव, उद्यान निदेशक माधवी मिश्रा, समेति निदेशक विकास कुमार मौजूद थे.

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









