Giridih: गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र के मंझने नावाडीह गांव में एक महिला पर डायन होने का आरोप लगाने को लेकर विवाद सामने आया है। महिला के मायके वालों ने चिहुंटिया निवासी एक तथाकथित भगत (ओझा) को जूते-चप्पल की माला पहनाकर उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान उससे माफी मंगवाते हुए भविष्य में किसी पर भी डायन होने का आरोप नहीं लगाने की चेतावनी दी गई। घटना का वीडियो भी बनाया गया है, जो सामने आया है।
एक के बाद एक दो मौतों के बाद बिसाही का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, मंझने नावाडीह निवासी सुरेश यादव की करीब डेढ़ वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके लगभग एक वर्ष बाद उनकी मां की भी स्वाभाविक मौत हो गई। लगातार दो मौतों के बाद गांव के कुछ लोग कथित तौर पर चिहुंटिया निवासी उक्त भगत के पास पहुंचे और अप्रिय घटनाओं के कारणों के बारे में पूछताछ की।
आरोप है कि इस दौरान भगत ने सुरेश यादव की पत्नी, जो बिशनीटीकर की रहने वाली हैं, को डायन बता दिया और घटनाओं के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया।
महिला पर डायन होने का आरोप लगाए जाने की जानकारी उसके मायके वालों को मिली तो वे भगत के पास पहुंचे और उससे पूछताछ की। आरोप है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने भगत को जूते-चप्पल की माला पहनाई और उसकी पिटाई कर दी। साथ ही भविष्य में किसी भी व्यक्ति पर डायन होने का आरोप नहीं लगाने की कड़ी चेतावनी दी।
वीडियो में गलती स्वीकारते दिख रहा व्यक्ति
घटना के वायरल वीडियो में संबंधित व्यक्ति कान पकड़कर अपनी गलती स्वीकार करता और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की बात कहता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह ओझा-गुणी के नाम पर किसी के खिलाफ गलत आरोप नहीं लगाने की बात भी बार-बार कहता नजर आ रहा है।
डायन-बिसाही के नाम पर किसी महिला को प्रताड़ित करना सामाजिक रूप से गंभीर मामला है। हालांकि, इस घटना में मारपीट किए जाने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और पुलिस की कार्रवाई के संबंध में जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









