Ranchi : राजधानी रांची में पेट्रोल-डीजल का संकट लगातार गहराता जा रहा है। शुक्रवार को शहर के ज्यादातर पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली। लोग सुबह से ही अपनी गाड़ियों की टंकी फुल कराने के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। हालात ऐसे हो गए कि कई पेट्रोल पंपों पर “सॉरी, पेट्रोल-डीजल नहीं है” का पोस्टर लगाना पड़ा, जबकि कुछ पंपों को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया।
रांची के करीब 80 से 85 फीसदी पेट्रोल पंपों का स्टॉक खत्म
तेल कंपनियों की सप्लाई प्रभावित होने के कारण रांची के करीब 80 से 85 फीसदी पेट्रोल पंपों का स्टॉक खत्म हो चुका है। जिन पंपों पर थोड़ा बहुत ईंधन उपलब्ध है, वहां भी सीमित मात्रा में पेट्रोल और डीजल दिया जा रहा है। इस खबर के फैलते ही शहर में पैनिक की स्थिति बन गई है। लोग आशंका जता रहे हैं कि आने वाले दिनों में संकट और बढ़ सकता है।
इसी बीच पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी भारी बढ़ोतरी हुई है। डीजल का दाम 92.62 रुपए से बढ़कर 95.74 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि पेट्रोल 97.86 रुपए से बढ़कर 100.82 रुपए प्रति लीटर हो गया है। करीब तीन रुपए की बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
सप्लाई सामान्य नहीं होने से बंद हो सकते हैं पेट्रोल पंप
पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार, फिलहाल सीमित स्टॉक के आधार पर ही ग्राहकों को ईंधन दिया जा रहा है। अगर जल्द सप्लाई सामान्य नहीं हुई, तो कई और पेट्रोल पंप बंद हो सकते हैं। प्रशासन और तेल कंपनियों के लिए यह स्थिति बड़ी चुनौती बनती जा रही है।
अगर जल्द समाधान नहीं निकाला गया, तो रांची में आने वाले दिनों में ईंधन संकट और गंभीर रूप ले सकता है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








