Palamu: पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र स्थित मुरुबार गांव में साबिर अंसारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी कसीदा खातून और पत्नी के जीजा इदरीश अंसारी पर बेरहमी से मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं पुलिस मामले को फिलहाल संदिग्ध मानते हुए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था
परिजनों के अनुसार, साबिर अंसारी ने आठ साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो छोटे बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण साबिर काम के सिलसिले में हैदराबाद में रह रहा था। मंगलवार को वह घर लौटा था और बुधवार को पत्नी से मिलने ससुराल कुंदरी गया था।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि रात में उसकी पत्नी और उसके जीजा ने मिलकर साबिर की जमकर पिटाई की। गंभीर हालत में उसे गांव के बाहर छोड़ दिया गया। देर रात गांव के एक व्यक्ति ने फोन कर परिवार को इसकी जानकारी दी।
पत्नी अक्सर जान से मारने की देती थी धमकी
गुरुवार सुबह इलाज के लिए पहले लेस्लीगंज अस्पताल, फिर मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल और बाद में रांची रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
परिवार ने यह भी दावा किया है कि पत्नी अक्सर साबिर को जान से मारने की धमकी देती थी। वहीं थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने कहा कि शुरुआती जांच में मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि मौत का असली कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा। इस घटना ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है।








