Jharkhand: झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से प्रदेश में शोक की लहर है। उनके निधन के बाद झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 7 सितंबर को प्रस्तावित लोकभवन मार्च-प्रदर्शन और 8 सितंबर को एसआईआर को लेकर आयोजित बैठक को स्थगित करने का निर्णय लिया है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन के कारण उत्पन्न शोक की घड़ी को देखते हुए दोनों कार्यक्रमों को स्थगित किया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस दुख की घड़ी में कांग्रेस पार्टी शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
के. राजू ने भी जताई गहरी संवेदना
झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने भी सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मंत्री का असामयिक निधन बेहद दुखद और हृदयविदारक है। उनके निधन से झारखंड ने एक समर्पित जनसेवक और संवेदनशील नेता को खो दिया है। के. राजू ने कहा कि इस कठिन समय में वह और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस परिवार शोक संतप्त परिजनों एवं उनके समर्थकों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
कांग्रेस नेताओं ने दिवंगत मंत्री को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया।








