Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची जल्द ही देश के विकसित शहरों की सूची में शामिल हो जाएगी. यहां फ्लैशचार्जिंग इलेक्ट्रिक बसें शुरू की जाएंगी, जिनमें 135 यात्री आराम से बैठ सकेंगे. इस बस का किराया डीजल बस की तुलना में 30 प्रतिशत कम होगा. यह बड़ा ऐलान केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 3 जुलाई 2025 को रांची में रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर के उद्घाटन के बाद किया.
केबल कार और फैनीकुलर रेलवे पर भी काम
जनसभा में बोलते हुए गडकरी ने कहा कि वे देश में केबल कार और फैनीकुलर रेलवे की व्यवस्था भी बढ़ाने की योजना बना रहे हैं. उन्होंने नागपुर में फ्लैशचार्जिंग बस के पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत की जानकारी दी और बताया कि इसका टेंडर मंजूर हो चुका है. अगर नागपुर में यह बस सफल रहती है, तो झारखंड में भी इसे लागू किया जाएगा.
read more- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सेट कर दिया जीत का मंत्र, बिहार चुनाव में होगा बड़ा उलटफेर!
फ्लैशचार्जिंग बस की खासियतें
नितिन गडकरी ने बताया कि इस इलेक्ट्रिक बस में विमान जैसी आरामदायक सीटें होंगी और यात्रियों के मनोरंजन के लिए टीवी भी लगे होंगे. इसके बावजूद, इसका किराया पारंपरिक डीजल बस की तुलना में 30 प्रतिशत कम होगा. उन्होंने कहा कि रांची के उद्योगपति संजय सेठ के आग्रह पर यह सुविधा जल्द रांची में भी उपलब्ध कराई जाएगी.
फ्लैशचार्जिंग बस क्या है?
फ्लैशचार्जिंग बस एक इलेक्ट्रिक बस है, जो बहुत कम समय में चार्ज हो जाती है. बस को चलाने के लिए सिर्फ 30 सेकंड की चार्जिंग पर्याप्त होती है. फिलहाल इसका ट्रायल नागपुर में चल रहा है. ट्रायल सफल होने के बाद रांची में भी ऐसी बसों का परिचालन शुरू होगा, जिससे शहरवासियों को आरामदायक और किफायती परिवहन सुविधा मिलेगी.
read more- Share Market Updates: हफ्ते के आखिरी दिन शुरुआती बढ़त के बाद Sensex-Nifty में उतार-चढ़ाव













