रांची: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में अमोनिया गैस रिसाव की दर्दनाक औद्योगिक दुर्घटना के बाद Jharkhand सरकार ने प्रभावित प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के लिए तेज़ी से कार्रवाई की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग और राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष ने तमिलनाडु प्रशासन, रेलवे और अस्पतालों के साथ लगातार समन्वय कर सभी 42 झारखंडी श्रमिकों की सकुशल घर वापसी सुनिश्चित की।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मंगलवार को सभी 42 श्रमिक चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन से अलप्पुझा-धनबाद एक्सप्रेस के विशेष स्लीपर कोच से झारखंड के लिए रवाना हो गए। यात्रा के दौरान भोजन, पेयजल और सुरक्षा की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
21 जून को हुआ था अमोनिया गैस रिसाव
गौरतलब है कि 21 जून 2026 को तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले स्थित सेंट पीटर्स एंड पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स फैसिलिटी में अमोनिया गैस रिसाव की घटना हुई थी। इस हादसे में कई झारखंडी प्रवासी श्रमिक प्रभावित हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाने और सभी श्रमिकों को सुरक्षित वापस लाने का निर्देश दिया था।
इसके बाद राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष ने तिरुवल्लूर जिला प्रशासन, तमिलनाडु श्रम विभाग, रेलवे बोर्ड, दक्षिण रेलवे और अस्पताल प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाकर राहत अभियान संचालित किया।
विशेष स्लीपर कोच की हुई व्यवस्था
झारखंड सरकार के अनुरोध पर रेलवे प्रशासन ने अलप्पुझा-धनबाद एक्सप्रेस में झारखंड के श्रमिकों के लिए विशेष स्लीपर कोच उपलब्ध कराया। इसी कोच के माध्यम से सभी 42 श्रमिक सुरक्षित अपने गृह राज्य के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान पैंट्री कार से भोजन-पानी और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की पर्याप्त व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।
धनबाद की प्रीति देवी का पार्थिव शरीर आज पहुंचेगा रांची
इस हादसे में धनबाद निवासी प्रीति देवी की इलाज के दौरान चेन्नई के राजीव गांधी सरकारी सामान्य अस्पताल में मृत्यु हो गई थी। Jharkhand सरकार की पहल पर उनके परिजनों को तमिलनाडु बुलाया गया, जहां शव की पहचान, पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कराई गईं।
सरकार के अनुसार, प्रीति देवी का पार्थिव शरीर मंगलवार शाम हवाई मार्ग से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची लाया जाएगा। वहां से एम्बुलेंस के जरिए पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक जिला धनबाद भेजा जाएगा।
मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी जारी
राज्य सरकार ने कहा है कि वह इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। श्रम विभाग और राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष नियोक्ता एवं संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं ताकि मृतका के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा और अन्य वैधानिक लाभ जल्द से जल्द उपलब्ध कराए जा सकें।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis











