Ranchi: राजधानी रांची के हरमू क्षेत्र में राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश की सांसद निधि से निर्मित भव्य और आधुनिक सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया गया। विधिवत पूजा, हवन और उद्घाटन कार्यक्रम के साथ यह भवन आम लोगों के उपयोग के लिए समर्पित किया गया।
गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को मिलेगी राहत
इस मौके पर दीपक प्रकाश ने कहा कि यह भवन सिर्फ ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि उन परिवारों की जरूरतों से जुड़ा प्रयास है जो आर्थिक कारणों से महंगे बैंक्वेट हॉल में कार्यक्रम आयोजित नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि अब लोग यहां विवाह, उपनयन, सामाजिक बैठक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आसानी से कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य समाज के हर वर्ग को ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जहां लोग बिना आर्थिक बोझ के अपने पारिवारिक और सामाजिक दायित्व निभा सकें। आने वाले समय में इस भवन को और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की भी योजना है।
भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों की रही मौजूदगी
उद्घाटन कार्यक्रम में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, कर्मवीर सिंह समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।








