Ranchi: झारखंड में आंदोलनरत छात्रों के मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए राज्य की गठबंधन सरकार पर छात्रों के साथ भेदभाव और ज्यादती का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सत्ता में भागीदारी के साथ जिम्मेदारी से दूरी नहीं हो सकती।
उन्होंने सोशल मीडिया के एक्स हैंडल पर राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा है कि आप देश भर में घूम-घूम कर छात्रों के हक की बात कर रहे हैं। अगर आपके मन में उनके प्रति सच्ची तड़प होती, सिर्फ राजनीति नहीं, तो आपकी रूह झारखंड के लहूलुहान छात्रों को देखकर जरूर कांप उठती! आप झारखंड में अपनी ही सरकार से सीना ठोककर पूछते कि उन मासूमों पर लाठियां बरसाने का अधिकार झामुमो के गुंडों और पुलिस को किसने दिया?
पुतला दहन कार्यक्रमों में गुंडों और पुलिस की गुंडागर्दी
मरांडी ने कहा कि झारखंड में आपकी ही गठबंधन की सरकार है, फिर यहां के छात्रों के लिए आपकी आवाज क्यों नहीं निकलती? विधानसभा घेराव के दिन शांतिपूर्ण मार्च कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ, पहले से घोषित पुतला दहन कार्यक्रमों में गुंडों और पुलिस की गुंडागर्दी देखने को मिली, लेकिन आपकी जुबान खामोश रही।
यहां छात्र अपने भविष्य के लिए सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं। आपके समर्थन से सत्ता में बैठे मुख्यमंत्री गिरोह बनाकर नौकरी बेच रहे हैं, युवाओं का भरोसा टूट रहा है, फिर भी आपकी संवेदनाएं झारखंड की सीमा पर आकर क्यों थम जाती हैं?
उन्होंने कहा कि अगर आपकी नजर में लहू से सना हुआ यह मंजर ही लोकतंत्र है, तो फिर मुझे कुछ नहीं कहना। याद रखिए, जनता सब देख रही है और आपकी इस दोहरी राजनीति की परतें खोल रही है।
पीठ पीछे लोग सिर्फ ‘ठग मास्टर’ कहकर मजाक उड़ाते हैं
बाबूलाल ने कहा कि उम्र और तजुर्बे में बड़ा होने के नाते बस एक आखिरी सलाह दे रहा हूं कि जब इंसान की कथनी और करनी में फर्क मिट जाता है, तभी इतिहास उसे ‘नेता’ मानता है और जनता का ‘विश्वास’ पैदा होता है। वरना, पीठ पीछे लोग सिर्फ ‘ठग मास्टर’ कहकर मजाक उड़ाते हैं। फैसला आपका है!
मरांडी ने कहा कि बीते दिनों झामुमो के गुंडों के द्वारा राज्य के कई जिलों में छात्रों के साथ पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान जिस प्रकार लाठी डंडे, हॉकी स्टिक से मारपीट और गुंडागर्दी की गई, छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया, सभी को चिन्हित कर उनपर मुकदमा दर्ज करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग राहुल गांधी को राज्य सरकार से करनी चाहिए।
साथ ही छात्रों की आवाज दबाने और आंदोलन को कुचलने के लिए छात्रों पर डराने धमकाने की नीयत से लगातार तरह तरह के केस किए जा रहे हैं। इन फर्जी मुकदमों को निरस्त करने की भी मांग राज्य सरकार से राहुल गांधी को करनी चाहिए।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








