Ranchi: रांची में अत्याधुनिक IT Park विकसित करने की योजना पर झारखंड सरकार ने काम शुरू करने के संकेत दिए हैं। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से RMZ Infrastructure के President दीपक छाबड़िया ने मुलाकात की। बैठक में IT Park, Global Capability Centre (GCC) और तकनीकी व औद्योगिक निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
प्रस्तावित योजना के मुताबिक 2029 तक रांची में IT Park शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में करीब 20 हजार रोजगार के अवसर और अगले तीन वर्षों में इसकी क्षमता बढ़ाकर लगभग 75 हजार रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य बताया गया है।
IT Park के लिए रांची के करीब 100 एकड़ जमीन पर विचार किया जा रहा है
IT Park के संभावित स्थल के तौर पर IIM रांची, नए विधानसभा परिसर और हाईकोर्ट परिसर के आसपास उपलब्ध करीब 100 एकड़ जमीन पर विचार किया जा रहा है। यहां आधुनिक कार्यालय और डिजिटल अधोसंरचना विकसित करने की योजना है।
बैठक में IT, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर, मैन्युफैक्चरिंग, न्यूक्लियर एनर्जी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर भी विचार हुआ। GCC के जरिए वैश्विक कंपनियों के लिए IT, AI और अन्य उच्च-कौशल वाले काम झारखंड से संचालित करने की संभावनाएं तलाशी गईं।
सरकार रांची को IT, इनोवेशन और उभरती तकनीकों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार रांची को IT, इनोवेशन और उभरती तकनीकों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रही है। स्थानीय युवाओं के लिए उच्च-कौशल आधारित रोजगार के अवसर पैदा करना भी प्राथमिकता में है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर अक्टूबर में सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग का प्रतिनिधिमंडल बेंगलुरु जाकर IT Park और GCC मॉडल का अध्ययन कर सकता है। इस अध्ययन के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







