Koderma: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र स्थित सुभाष चौक के पास एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद मौत से हड़कंप मच गया। मृतिका की पहचान गुड़िया देवी के रुप में हुई है जो बिहार के गया जिले की रहने वाली थी। महिला प्रसव के लिए अपने मायके चौपारण के रेमो करमा गांव आई हुई थी।
प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने कराया था अस्पताल में भर्ती
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे झुमरीतिलैया के जीवन ज्योति अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। परिजनों का दावा है कि प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ थे।
गुरुवार सुबह अस्पताल प्रबंधन ने महिला की मौत की सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल में जमकर हंगामा किया। उनका आरोप है कि डॉक्टरों ने मौत का स्पष्ट कारण नहीं बताया।
अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप
वहीं अस्पताल के डॉक्टर ने लापरवाही के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रांची रेफर करने की सलाह दी गई थी। डॉक्टर के अनुसार परिजनों ने रेफर कराने से इनकार करते हुए अस्पताल में ही इलाज जारी रखने का आग्रह किया था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।










