Ranchi: रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात गोलीबारी की घटना में एक युवक की मौत हो गई। वारदात इंद्रपुरी रोड नंबर-1 की है। मृतक की पहचान छोटू महतो उर्फ मिथिलेश के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह पैसों का विवाद बताई जा रही है।
पैसे को लेकर विवाद में हत्या की आशंका
स्थानीय लोगों के मुताबिक, धुर्वा निवासी अभिषेक उर्फ लल्लू और इंद्रपुरी निवासी विकास महतो के बीच रुपये को लेकर विवाद चल रहा था। इसी सिलसिले में बुधवार देर रात अभिषेक अपने कुछ साथियों के साथ विकास महतो के घर पहुंचा। घर का मुख्य दरवाजा बंद होने के कारण वे अंदर नहीं जा सके। इसके बाद आरोपियों ने बाहर से ही फायरिंग शुरू कर दी।
Read More- Breaking News: झारखंड के सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, ग्रेड पे में बढो़तरी का प्रस्ताव पारित
इसी दौरान एक गोली छोटू महतो को लग गई। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया
सूचना मिलते ही सुखदेवनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, मुख्य आरोपी अभिषेक उर्फ लल्लू समेत अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
कोतवाली एएसपी निखिल राय ने बताया कि शुरुआती जांच में पैसों का विवाद हत्या की वजह सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







