Ranchi: झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर विधानसभा के कॉन्फ्रेंस हॉल में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अलग झारखंड के पीछे लंबे संघर्ष, पूर्वजों की शहादत और बलिदान की कहानी
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और राज्यवासियों को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर 2000 को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर झारखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। इसके पीछे लंबे संघर्ष, पूर्वजों की शहादत और बलिदान की कहानी है। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के त्याग और संघर्ष का भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अध्यक्ष ने कहा कि अलग राज्य बनाने का उद्देश्य केवल भौगोलिक पहचान हासिल करना नहीं था, बल्कि आदिवासी-मूलवासी समाज का कल्याण और झारखंड को एक अलग पहचान दिलाना भी था।
वर्ष 2025 में सदन की 24 दिनों तक बैठक हुई
उन्होंने पक्ष और विपक्ष की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सदन में सदस्यों के विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन राज्य के विकास के सवाल पर सभी की जिम्मेदारी समान है।
विधानसभा की कार्यवाही पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में सदन की 24 दिनों तक बैठक हुई। इस दौरान शिक्षा के मुद्दे पर विशेष जोर दिया गया और इससे जुड़े कई निर्णय लिए गए। उन्होंने सदन में शिक्षा के क्षेत्र में हुई चर्चाओं को महत्वपूर्ण बताया।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









