वन विभाग में सिर्फ पैसों का खेल चल रहा है : हाजी मतलूब इमाम
रांची। झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राब्ता हज कमिटी के अध्यक्ष हाजी मतलूब इमाम ने झारखंड के वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग में नियमों को ताक पर रखकर ट्रांसफर और पोस्टिंग का खेल किया जा रहा है, जिसमें केवल पैसों की भूमिका है।
हाजी इमाम के अनुसार, 2 जुलाई को नेपाल हाउस स्थित सचिवालय में वन विभाग की स्थापना समिति की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें रेंजरों के तबादलों पर फैसला लिया जाना है। इस बैठक में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (हौफ) एक तैयार सूची के साथ भाग लेंगे, जो उनके कार्यालय के एक कर्मचारी ने तैयार की है।
हाजी मतलूब इमाम ने दावा किया कि उस सूची में कई ऐसे रेंजरों के नाम शामिल हैं, जिन्होंने अभी तीन साल का कार्यकाल भी पूरा नहीं किया है, बावजूद इसके उनका तबादला प्रस्तावित है। उन्होंने इसे स्पष्ट रूप से आर्थिक दोहन से जोड़ते हुए कहा कि यह पूरा खेल पैसे के लेन-देन पर आधारित है।
हाजी मतलूब इमाम ने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच हो और विभागीय अधिकारी संगठन इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए समुचित कार्रवाई करें, ताकि वन विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और ईमानदारी बनी रह सके।












